दैनिक खबरनामा। न्यू चंडीगढ़, 19 अक्टूबर: ओमेक्स स्थित द लेक सोसाइटी में चल रहा नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि उत्सव रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। माँ दुर्गा की कृपा से सभी अनुष्ठान सफलतापूर्वक और बिना किसी विघ्न के पूरे हुए।
पिछले नौ दिनों तक पूरी सोसाइटी का वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम माता के भजनों पर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण होता था।

उत्सव की विशेष रौनक शाम के समय देखने को मिलती थी, जब सोसाइटी के निवासी, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, पारंपरिक और रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धज कर गरबा और डांडिया का आनंद लेते थे।
समापन के अवसर पर आज विशेष पूजा-अर्चना की गई। सोसाइटी के सभी निवासियों और समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर विधि-विधान से हवन-यज्ञ का भी आयोजन हुआ।
पूजा के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी निवासियों ने एक साथ बैठकर माता रानी का प्रसाद ग्रहण किया।

इस पावन अवसर पर लेक रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी (LRWS) के अध्यक्ष श्री कुलविंदर सिंह जी अपने परिवार और कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ माता के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे। उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के सभी सदस्यों को इतने सुंदर और सुव्यवस्थित कार्यक्रम के लिए बधाई दी।