दैनिक खबरनामा | अमृतसर, 21 अक्टूबर 2026. अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशा, अवैध हथियार और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3.491 किलो हेरोइन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर अवैध हथियार मुहैया करवाते थे, जिन्हें आगे आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इस मामले में थाना चाटीविंड और थाना लोपोके में केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि तस्करी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके और हथियारों व नशे की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में नशे, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के साथ-साथ संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई कर पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।