दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 24 जून 2026. पंजाब सरकार ने दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए चालू वित्त वर्ष के दौरान मई 2026 तक 125 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी की है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कल्याणकारी योजनाएं लागू करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद और दिव्यांग नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाकर उनके जीवन को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के तहत 498 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे राज्य के 2.83 लाख से अधिक लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। इससे दिव्यांगजन आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं और आजीविका के लिए दूसरों पर उनकी निर्भरता कम हो रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जिन दिव्यांग व्यक्तियों की वार्षिक आय 60 हजार रुपये या उससे कम है, वे इस योजना का लाभ लेने के पात्र हैं। इसके अलावा आवेदक में कम से कम 50 प्रतिशत दिव्यांगता होनी चाहिए और वह स्वयं आजीविका कमाने में सक्षम न हो।
उन्होंने कहा कि “रंगला पंजाब” का सपना तभी साकार हो सकता है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध महसूस करे। एक समावेशी और प्रगतिशील पंजाब का निर्माण तभी संभव है, जब समाज के सबसे कमजोर और दिव्यांग नागरिक सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि दिव्यांगजनों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता अत्यंत संवेदनशील विषय है। इसे ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि लाभार्थियों को हर महीने बिना किसी देरी के वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी, ताकि वे राज्य के समावेशी विकास और प्रगति की यात्रा में पूरी भागीदारी निभा सकें।