चंडीगढ़, 13 मई 2026: दैनिक खबरनामा: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणामों में इस वर्ष छात्राओं ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। तीन प्रतिभाशाली छात्राओं ने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर राज्यभर में शीर्ष स्थान हासिल किए और शिक्षा जगत में मिसाल कायम की।
मानसा जिले के उभा स्थित गुरुकुल अकादमी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सुपनीत कौर ने साइंस स्ट्रीम में पूर्ण अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं लुधियाना के बीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जमालपुर कॉलोनी की छात्रा सुहानी चौहान ने ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में 500/500 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर लुधियाना के तेजा सिंह सुतंतर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिमलापुरी की छात्रा दिवांशी रहीं, जिन्होंने ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में पूर्ण अंक हासिल किए।
विशेष बात यह रही कि तीनों टॉपर छात्राएं शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं।
कुल परिणाम रहा शानदार
इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 2,65,417 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 2,42,755 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस प्रकार राज्य का कुल पास प्रतिशत 91.46% दर्ज किया गया।
स्ट्रीम वाइज प्रदर्शन
कॉमर्स स्ट्रीम ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 98.78% परिणाम दर्ज किया।
साइंस स्ट्रीम का परिणाम 98.47% रहा।
ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में 87.74% विद्यार्थी सफल हुए।
वोकेशनल स्ट्रीम का परिणाम 87.80% दर्ज किया गया।
शिक्षा मंत्री ने दी विद्यार्थियों को बधाई
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा, आधुनिक कक्षाओं, शिक्षक प्रशिक्षण और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करवाने जैसी पहलों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।