दैनिक खबरनामा / ब्यूरो / चंडीगढ़ / 06 जून 2026. पंजाब की बेटियों ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा और जज्बे का लोहा मनवाया है। एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी) और नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) की मेरिट सूची में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाली माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट की दो महिला कैडेटों को पंजाब सरकार ने सम्मानित किया।

पंजाब भवन में आयोजित समारोह में रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने महकप्रीत कौर और कोमलप्रीत कौर को सम्मानित किया। इस अवसर पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप भी मौजूद रहे।

किसान परिवार से संबंध रखने वाली महकप्रीत कौर ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में देशभर में पहला स्थान हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया है। वहीं, कोमलप्रीत कौर ने अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक प्राप्त कर प्रतिष्ठित एनडीए, खड़कवासला में प्रवेश सुनिश्चित किया है। दोनों की सफलता को रक्षा सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त उपस्थिति का प्रतीक माना जा रहा है।

समारोह को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि लाखों उम्मीदवारों के बीच शीर्ष स्थान हासिल करना इन बेटियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी देश सेवा के लिए निरंतर आगे बढ़ रही है और राज्य सरकार उन्हें हर संभव मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 377 कैडेट भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने वर्ष 2023 में माई भागो संस्थान में लड़कियों के लिए एनडीए प्रिपरेटरी विंग शुरू कर एक ऐतिहासिक पहल की है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब देश का एकमात्र राज्य है, जहां सरकार लड़कियों के लिए समर्पित डिफेंस प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि महकप्रीत और कोमलप्रीत की उपलब्धियां राज्य की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।

कैबिनेट मंत्री ने यह भी घोषणा की कि होशियारपुर के बजवाड़ा में सरदार बहादुर अमीन चंद सोनी आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट का उद्घाटन जल्द किया जाएगा। इसके अलावा संगरूर के चीमा मंडी में संत बाबा अतर सिंह जी आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट की आधारशिला भी शीघ्र रखी जाएगी, जिससे राज्य के अधिक युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने कहा कि यह उपलब्धि पंजाब में रक्षा प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनाई गई दूरदर्शी रणनीति की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों की बेटियों के लिए यह सफलता प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

माई भागो एएफपीआई के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू (सेवानिवृत्त) ने दोनों कैडेटों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित अवसरों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी उपलब्धि हासिल करना असाधारण है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सफलताओं से पंजाब की बेटियों के लिए रक्षा सेवाओं के नए द्वार खुलेंगे और राज्य का गौरव और बढ़ेगा।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

इशिता बतिश का डबल गोल्डन कमाल, एम.टेक अर्बन प्लानिंग में फिर बनीं यूनिवर्सिटी टॉपर

दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/मोहाली/ 06 जून 2026: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू), अमृतसर की…
Share to :

अंब साहिब गुरुद्वारा जमीन रजिस्ट्री मामला मैनेजर पर फर्जीवाड़े के आरोप, SGPC ने शुरू की कार्रवाई

पंजाब 4 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा) पंजाब मोहाली जिले के प्रसिद्ध…
Share to :

पेपर मिल हादसा सफाई के दौरान मजदूर की दर्दनाक मौत

पंजाब 18 मार्च 2026( दैनिक खबरनामा ) पंजाब के डेराबस्सी में मंगलवार…
Share to :

कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड पर हाईकोर्ट सख्त, DGP से जवाब तलब

मोहाली 30 दिसम्बर (जगदीश कुमार)मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की सरेआम…
Share to :