दैनिक खबरनामा 27 मार्च 2026 मोहाली: पंजाब में तंबाकू उत्पादों पर टैक्स चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। फाइनेंस मिनिस्टर Harpal Singh Cheema ने बताया कि विभाग की टीमों ने अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में एक साथ छापेमारी कर करीब 1.5 करोड़ रुपए का बिना बिल तंबाकू उत्पाद बरामद किया है।जानकारी के अनुसार, 4 स्टेट इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स ने 8 अलग-अलग ठिकानों पर रेड की। इनमें 5 रजिस्टर्ड दुकानें और 3 अवैध कारोबार शामिल थे। छापेमारी के दौरान लुधियाना और अमृतसर में गुप्त गोदामों का भी खुलासा हुआ, जहां बिना इनवॉइस भारी मात्रा में माल रखा गया था।जब्त किए गए सामान में 1.32 लाख सिगरेट पैकेट, 18,472 बीड़ी पैकेट, जर्दा, विदेशी सिगरेट और हुक्का सामग्री शामिल है। इस माल पर करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा का टैक्स बकाया पाया गया है, जिसमें से अब तक 12 लाख रुपए की वसूली की जा चुकी है।वित्त मंत्री ने साफ कहा कि Bhagwant Mann सरकार टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। व्यापारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।