दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 03 जुलाई 2026. पंजाब सरकार ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉक्टरों का सम्मान करते हुए राज्य स्तरीय समारोह में सरकारी और निजी क्षेत्र के 59 उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया। नगर निगम भवन, चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने डॉक्टरों को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने डॉक्टरों की उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष राज्य स्तरीय सम्मान नीति लागू की है। इस नीति के तहत स्वास्थ्य विभाग, सरकारी मेडिकल कॉलेजों और निजी क्षेत्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सकों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर हर संकट की घड़ी में समाज के सबसे भरोसेमंद योद्धा साबित हुए हैं। चाहे बाढ़ हो, कोविड-19 महामारी हो या कोई अन्य आपदा, चिकित्सकों ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर लोगों की जान बचाने का कार्य किया है। उन्होंने मरीजों के प्रति डॉक्टरों की संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना की भी सराहना की।
समारोह के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायलेरी साइंसेज (PILBS) के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान में सफल लिवर ट्रांसप्लांट के बाद अब जल्द ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू होने जा रही है। उन्होंने होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया की कैंसर उपचार और समय पर जांच को बढ़ावा देने में निभाई गई भूमिका की भी सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बिशव मोहन और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. जेयराज डी. पांडियन द्वारा संचालित STEMI और स्ट्रोक परियोजनाओं को पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से हजारों मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल रहा है। हार्ट अटैक के मरीजों को महंगा टेनैक्टेप्लेस इंजेक्शन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि स्ट्रोक पीड़ितों को मुफ्त मैकेनिकल थ्रोम्बेक्टॉमी जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निजी अस्पतालों के बराबर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को भी बेहतर इलाज मिल सके।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि इसी तर्ज पर जल्द ही आशा वर्करों, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मा कर्मियों और अन्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को भी उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में पंजाब के विभिन्न जिलों, सरकारी मेडिकल कॉलेजों, स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पतालों से जुड़े 59 डॉक्टरों को उनके उत्कृष्ट कार्य, चिकित्सा सेवा, जनस्वास्थ्य, अनुसंधान और मरीजों की बेहतर देखभाल में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया।