मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 50 डॉक्यूमेंट्री वैनों को दिखाई हरी झंडी, 13 हजार गांवों में दिखाई जाएगी विशेष फिल्म

दैनिक खबरनामा | संगरूर, 30 जून 2026. पंजाब सरकार ने संत श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मंगलवार को 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को रवाना किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इन वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राज्य के सभी 23 जिलों के लगभग 13 हजार गांवों में पहुंचकर संत गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और समानता के संदेश पर आधारित 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत श्री गुरु रविदास जी का संदेश केवल किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए है। उनकी शिक्षाएं सामाजिक समानता, भाईचारे और भेदभाव-मुक्त समाज की स्थापना का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री अभियान नई पीढ़ी को गुरु जी के आदर्शों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक मोबाइल वैन में 12×8 फुट की आधुनिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर गांव-गांव जाकर डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी के विचारों को हर घर तक पहुंचाना और समाज में समानता तथा सद्भाव का संदेश मजबूत करना है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार संत श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपये का विशेष बजट निर्धारित किया है, ताकि गुरु जी की अमूल्य विरासत और उनके संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें पहले श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष और अब संत श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व मनाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमेशा ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी प्रकार का जातीय या सामाजिक भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के विचारों से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय, समान अवसर और मानवीय मूल्यों पर आधारित समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह डॉक्यूमेंट्री अभियान भी उसी संकल्प का हिस्सा है, जो विशेष रूप से युवाओं को गुरु जी की शिक्षाओं से जोड़ने का प्रयास करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री संत श्री गुरु रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक असमानता जैसी कुरीतियों के खिलाफ समर्पित किया तथा समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह तथा तरुणप्रीत सिंह सोंध सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।