दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 17 अगस्त 2026. पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 209वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 494 चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीमों ने 3 हथियारों सहित 232 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 167 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान 1 फरार अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। अभियान की शुरुआत से अब तक गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 61,578 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान की शुरुआत की थी। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।
209वें दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने गैंगस्टरों के सहयोगियों से संबंधित पहले से चिन्हित और मैप किए गए 494 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों की जांच की गई और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों तथा आपराधिक गतिविधियों से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करें। लोग एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।