दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026. पंजाब के कृषि और पोषण मॉडल को वैश्विक मंच पर रखते हुए पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने कनाडा के ओंटारियो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में राज्य में चल रहे पोषण बाग अभियान और पंजाब की सर्दियों की उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों की निर्यात संभावनाओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों के लिए वैश्विक बाजारों के नए रास्ते खोलने की भी अपार संभावनाएं हैं।
‘पंजाब के भोजन और पोषण सुरक्षा का वैश्वीकरण’ विषय पर आयोजित सेमिनार में ओंटारियो सरकार की व्यापार विकास मंत्री नीना तांगड़ी और पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पंजाब में पोषण सुरक्षा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बाल मुकंद शर्मा ने बताया कि पंजाब में 5,000 से अधिक स्कूलों में पोषण बाग अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों को जड़ी-बूटियों, सब्जियों और फलों के बाग लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन बागों में पैदा होने वाली सब्जियों और अन्य उपज का उपयोग विद्यार्थियों के मध्याह्न भोजन में भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद्य आयोग की सलाह पर आंगनवाड़ी केंद्रों में भी पोषण वाटिकाएं विकसित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य 0 से 3 वर्ष तथा 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए बेहतर पोषण सुनिश्चित करना है।
भारत सरकार के पूर्व कृषि आयुक्त डॉ. गुरबचन सिंह ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए नकदी फसलों, व्यावसायिक फसलों और बागवानी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने गेहूं और चावल सहित विभिन्न फसलों में जैविक पोषण संवर्धन को बढ़ावा देने तथा जिंक, आयरन और मैग्नीशियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने की सलाह दी।
पंजाब व्यापार प्रोत्साहन परिषद की चेयरमैन कंचन शर्मा ने लोगों से पौष्टिक आहार को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने आहार में नमक और तेल की मात्रा कम करने पर भी जोर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरवदीप और गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञ कमलजीत सिंह सिद्धू ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा बेहतर पैकेजिंग मानकों को सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।
ओंटारियो की व्यापार विकास मंत्री नीना तांगड़ी ने पंजाब और ओंटारियो के बीच खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य निर्यात तथा सब्जियों के क्षेत्र में सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब स्थित पैग्रो फ्रोजन फूड्स द्वारा जमे हुए फलों, ब्रोकोली, फूलगोभी, गाजर और आलू का 24 टन का कंटेनर परीक्षण के तौर पर टोरंटो भेजा गया था। उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होने के कारण अब दोबारा इसका आदेश मिला है।
बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि पंजाब की सर्दियों में पैदा होने वाली सब्जियां उच्च गुणवत्ता वाली हैं और इनके लिए अमेरिका, कनाडा, जापान, ऑस्ट्रेलिया सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल से सितंबर तक गर्मियों के दौरान प्राकृतिक परिस्थितियों में कीटों की संख्या कम होने के कारण कुछ फसलों की गुणवत्ता निर्यात के लिए अनुकूल हो जाती है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की सब्जियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने से राज्य के किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी और देश के लिए महत्वपूर्ण विदेशी मुद्रा भी अर्जित की जा सकेगी। सेमिनार की मेजबानी ग्लोबल फूड चॉइस के प्रधान जरनैल सिंह ने की।