दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़/एसएएस नगर, 13 अक्टूबर 2026. पंजाब में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को मिलावटी व घटिया जैव उर्वरकों से बचाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंगलवार को मोहाली के कलकाट भवन में जैव उर्वरक जांच प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित तीन जैव उर्वरक जांच प्रयोगशालाओं का नेटवर्क पूरा हो गया है। इससे पहले गुरदासपुर और बठिंडा में भी ऐसी प्रयोगशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि इन प्रयोगशालाओं से किसानों को प्रमाणित और प्रभावी जैव उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, उन्हें नकली उत्पादों से बचाने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये प्रयोगशालाएं उर्वरक नियंत्रण आदेश को लागू करने, निर्माताओं और विक्रेताओं की निगरानी करने तथा पंजाब की कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल जैव उर्वरक विकसित करने के लिए जरूरी आंकड़े जुटाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि पंजाब देश का प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य है और देश के गेहूं व चावल उत्पादन में 30 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है। जैविक खेती प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी की सेहत सुधारने और टिकाऊ कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण विकल्प है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि में रासायनिक आदानों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण जैविक खेती लंबे समय तक पीछे रह गई थी, लेकिन खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की गुणवत्ता के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते इसका महत्व फिर बढ़ रहा है। वर्ष 2025-26 तक पंजाब में लगभग 30,000 एकड़ क्षेत्र में प्रमाणित जैविक खेती की जा रही है।
खुड्डियां ने बताया कि पंजाब में जैव उर्वरकों की सालाना खपत लगभग 15,000 से 16,000 मीट्रिक टन/किलोलीटर है और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में जैव उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। बठिंडा, गुरदासपुर और मोहाली की प्रयोगशालाएं किसानों तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पहुंचाने, नकली जैव उर्वरकों पर रोक लगाने, जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और मिट्टी व पर्यावरण के दीर्घकालिक संरक्षण में मदद करेंगी।
इस अवसर पर डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, कृषि विभाग के अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद और कृषि निदेशक गुरजीत सिंह बराड़ भी उपस्थित रहे।