दैनिक खबरनामा
गोरखपुर | 30 जून, 2026: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई, जिसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) गोरखपुर के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसमें गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी और कॉल करने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए।
तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल की लोकेशन ट्रेस होने पर गोरखपुर पुलिस और कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के बलुआ तकिया गांव में छापेमारी कर 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया कि किशोर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसे नशे की लत भी बताई जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में भी यही किशोर श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस की जांच के दायरे में आया था। उस समय भी उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोर के माता-पिता लंबे समय से अलग-अलग रह रहे हैं और वह अपनी बुजुर्ग दादी के साथ रहता है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद किशोर को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।