दैनिक खबरनामा | संगरूर, 01 नवंबर 2026. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार अपने विकास कार्यों, पारदर्शी शासन और रोजगार के अवसरों के दम पर आगामी विधानसभा चुनावों में भी जनता का विश्वास हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों की असलियत जान चुके हैं और राज्य की तरक्की को जारी रखने के लिए ‘आप’ को एक और मौका देंगे।

संगरूर जिले के दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव मौड़ां में नवनिर्मित खेल मैदान का उद्घाटन करने के बाद आयोजित ‘लोक मिलनी’ के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की साफ नीयत के कारण आज गांवों में सड़कें, स्कूल, सीवरेज व्यवस्था, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य जमीन पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने गांव के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक और निजी हितों के लिए किया, जबकि मौजूदा सरकार सरकारी खजाने के एक-एक पैसे को लोगों की भलाई पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि अपने वादों को पूरा करके पंजाब की तस्वीर बदल रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सरकार ने बड़े बदलाव किए हैं। अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि प्रदेश में निवेश आकर्षित करके रोजगार के छह लाख से अधिक अतिरिक्त अवसर पैदा किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पंजाब के युवाओं को रोजगार की तलाश में विदेशों या दूसरे राज्यों में न जाना पड़े और वे अपनी मातृभूमि में ही बेहतर भविष्य बना सकें।

खेलों के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ प्रदेश के गांवों में युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए 3,100 आधुनिक खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पंजाब एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी कर रहा है। यह प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में फिर से अग्रणी बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पार्टियों ने दशकों तक पंजाब पर शासन किया, लेकिन राज्य के हितों की रक्षा करने के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन पार्टियों के कारनामों को भूले नहीं हैं और आने वाले चुनावों में उनसे इसका हिसाब लेंगे।

अकाली दल द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन की कोशिशों पर कटाक्ष करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि अकाली दल उस भाजपा के साथ हाथ मिलाने के लिए उतावला है, जिसके केंद्र में सत्ता में रहते हुए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर ऐतिहासिक किसान आंदोलन हुआ था। इस आंदोलन के दौरान 750 किसानों ने अपनी जान गंवाई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान इस दर्दनाक इतिहास को कभी नहीं भूल सकते। यदि अकाली दल और भाजपा फिर से गठबंधन करते हैं तो पंजाब के लोग चुनाव में उनके उम्मीदवारों की जमानतें जब्त करवाकर उन्हें करारा जवाब देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ प्रदेश के हर घर तक पहुंच रहा है। पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय भी बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा टोल प्लाजा बंद करने से यात्रियों को प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। सरकार सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी परिवार को इलाज से वंचित नहीं रहने देना है।

मावां-धियां सत्कार योजना के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। इस योजना के लिए सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है और इससे पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही गरीबी और सामाजिक असमानता को खत्म करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सरकार स्कूल ऑफ एमिनेंस, शिक्षक प्रशिक्षण और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के माध्यम से सरकारी स्कूलों का स्तर सुधार रही है, ताकि आम परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।

उन्होंने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के नीट परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के केवल 80 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 882 हो गई है। यह उपलब्धि साबित करती है कि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी मेहनत और बेहतर सुविधाओं के दम पर बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं।

नहरी सिंचाई के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार 1,587 गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाया गया है, जहां पहले यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सरकार ने नहरी नेटवर्क को मजबूत करने पर 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके परिणामस्वरूप नहरी सिंचाई का दायरा 26 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। वर्ष 2022 में जहां 20.89 लाख एकड़ भूमि को नहरी पानी मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर 60.30 लाख एकड़ हो गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और सुधार का काम भी किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार का प्रत्येक फैसला पंजाब के लोगों की खुशहाली, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखकर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी ताकत पंजाब के लोगों का प्यार और विश्वास है। सरकार राज्य को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है और गांवों से लेकर शहरों तक विकास की रफ्तार को लगातार तेज किया जाएगा।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

PSEB डेटशीट जारी: 8वीं की परीक्षा 17 फरवरी से, 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मार्च में शुरू

चंडीगढ़ 30 दिसम्बर (जगदीश कुमार)पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने शैक्षणिक सत्र…
Share to :

पेपर मिल हादसा सफाई के दौरान मजदूर की दर्दनाक मौत

पंजाब 18 मार्च 2026( दैनिक खबरनामा ) पंजाब के डेराबस्सी में मंगलवार…
Share to :

इशिता बतिश का डबल गोल्डन कमाल, एम.टेक अर्बन प्लानिंग में फिर बनीं यूनिवर्सिटी टॉपर

दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/मोहाली/ 06 जून 2026: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू), अमृतसर की…
Share to :

अंब साहिब गुरुद्वारा जमीन रजिस्ट्री मामला मैनेजर पर फर्जीवाड़े के आरोप, SGPC ने शुरू की कार्रवाई

पंजाब 4 फरवरी 2026 ( दैनिक खबरनामा) पंजाब मोहाली जिले के प्रसिद्ध…
Share to :